जमीनों की दलाली या धोखाधड़ी का रैकेट? अशोक साहू का ‘ठगी राज’ बेनकाब

अशोकनगर : क्या ये सिर्फ ज़मीन की दलाली है या फिर सुनियोजित ठगी का रैकेट? अशोकनगर जिले में अशोक साहू नामक व्यक्ति पर जमीन के नाम पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगा है। कई महिलाओं और पुरुषों ने साहू पर पैसे लेकर प्लॉट या जमीन न देने का आरोप लगाया है। पीड़ितों के अनुसार अशोक साहू ने न सिर्फ उनसे ठगी की, बल्कि अब प्रशासन और कानून को भी खुलेआम चुनौती दे रहा है।
पीडितों का कहना है कि शातिर ठग अशोक साहू अपनी अकड़ में कहता है कि “5 लाख लो और घर बैठो… हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो सामने आया है, जिसमें पीड़ित खुलकर बता रहे हैं कि कैसे अशोक साहू ने उनके साथ धोखाधड़ी की। पीड़ितों का कहना है कि हमने SP, कलेक्टर, विधायक, यहां तक कि सिंधिया जी तक शिकायत की है। लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अशोक साहू ने कथित तौर पर पीड़ितों को धमकाते हुए कहा है कि 5 लाख लो और घर बैठो… SP, कलेक्टर, विधायक, सिंधिया सबको शिकायत कर चुके हो, मेरा क्या बिगाड़ लिया? यह बयान न केवल एक ठग की अकड़ को दर्शाता है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल भी खड़े करता है।
दो साल से दर-दर की ठोकरें खा रहे पीड़ित
पीड़ितों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से थानों, दफ्तरों, जनसुनवाई और नेताओं के चक्कर काट रहे हैं। पर कोई सुनवाई नहीं हुई। FIR दर्ज नहीं की गई, और आरोपी अशोक साहू खुलेआम घूम रहा है। जब सिस्टम चुप रहता है, तो अपराधी खुद को कानून से ऊपर समझने लगते हैं, एक पीड़ित ने रोते हुए कहा।
प्रशासन को ठेंगा दिखा रहा ‘नटवरलाल’
अशोक साहू के खिलाफ SP स्तर से निर्देश के बावजूद FIR दर्ज नहीं हुई, जो प्रशासनिक निष्क्रियता पर बड़ा सवाल है। पीड़ितों का कहना है कि साहू के पास है एक “डर्टी मैनेजमेंट सिस्टम” जहां पैसे और पहचान के दम पर वह कानून को भी अपने हिसाब से मोड़ता है। अब समय है न्याय का।
जनप्रतिनिधियों और मीडिया से अपील
हालांकि, पीड़ितों का कहना है कि उनके पास भी उम्मीद बाकी है। उन्होंने कहा है कि हमारे पास महाराज सिंधिया जैसे जननायक हैं, जो हर दो महीने में बिना बुलाए हमारा दुख-दर्द सुनने आ जाते हैं। SP और कलेक्टर जैसे अधिकारी हैं, जो आधी रात को भी जनता के साथ खड़े रहते हैं। अब पीड़ितों ने राजनीतिक नेतृत्व, प्रशासन और मीडिया से अपील की है कि अशोक साहू के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज हो, हर पीड़ित को न्याय मिले और ऐसे अपराधियों को सजा मिलकर नजीर बने।



