मध्य प्रदेश

Ganjbasoda Murder : गंजबासौदा में रास्ता रोककर युवक की धार-दार हथियार से हत्या

गंजबासौदा (जिला विदिशा)। शहर के नायर पेट्रोल पंप के पीछे मंगलवार रात एक युवक की सरेआम धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई और आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जयस्तंभ चौक पर करीब दो घंटे तक चक्का जाम किया।

रास्ता रोककर किया हमला

जानकारी के अनुसार, मृतक गौरव यादव अपने दोस्त प्रकाश शर्मा के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान बीच रास्ते में चार लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि रमन, अनुज उर्फ आयुष और उनके दो साथियों ने गौरव के साथ मारपीट की और चाकू से सीने व पैर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौरव को पहले शासकीय राजीव गांधी जन चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

शहर में आक्रोश, चक्का जाम

युवक की मौत की खबर फैलते ही शहर में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग जयस्तंभ चौक पर एकत्रित हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया।
मौके पर एसडीओपी शिखा भलावी, देहात टीआई मनोज दुबे और सिटी कोतवाली टीआई संजय बेदिया पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।

चार टीमें गठित, गिरफ्तारी के प्रयास तेज

एसडीओपी शिखा भलावी ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। मृतक के घर पर मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button