Ganj Basoda News : गंजबासौदा मंडी में किसान-व्यापारी टकराव, मारपीट के बाद चक्का जाम

गंजबासौदा : गंजबासौदा की कृषि उपज मंडी मंगलवार को उस समय विवाद का केंद्र बन गई, जब धान की नीलामी के दौरान किसानों और मंडी व्यापारियों के बीच कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। नीलामी में ट्रॉलियों की बोली को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट में बदल गया, जिससे मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
नीलामी में बोली बनी विवाद की वजह
जानकारी के अनुसार धान की नीलामी के दौरान कुछ ट्रॉलियों पर अधिक और कुछ पर कम बोली लगने से किसान असंतुष्ट हो गए। इसी बात को लेकर किसानों और व्यापारियों के बीच तीखी बहस हुई, जो बाद में मारपीट में तब्दील हो गई। विवाद बढ़ने पर बड़ी संख्या में किसान मंडी परिसर में जमा हो गए, जिससे हालात और बिगड़ गए।
व्यापारियों का जय स्तंभ चौक पर चक्का जाम
मंडी में हुई मारपीट से नाराज व्यापारियों ने किसानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शहर के जय स्तंभ चौक पर चक्का जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले इस जाम के कारण यातायात प्रभावित रहा। व्यापारी लगातार किसानों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
वकील से विवाद, मामला और बिगड़ा
चक्का जाम के दौरान स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब सड़क पार कर रहे एक अधिवक्ता को जबरन रोकने का आरोप व्यापारियों पर लगा। इस दौरान कहासुनी इतनी बढ़ गई कि कुछ व्यापारियों द्वारा अभिभाषक परिषद में प्रवेश का प्रयास किया गया। वकील से हुई अभद्रता से नाराज अधिवक्ता एकजुट हो गए और थाने पहुंचकर सात मंडी व्यापारियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
प्रशासन ने कराया जाम समाप्त
मौके पर पहुंचे तहसीलदार अरविंद यादव, एसडीओपी शिखा भलावी, सिटी थाना प्रभारी संजय वेदियां और देहात थाना प्रभारी मनोज दुबे ने चक्का जाम कर रहे व्यापारियों को समझाइश दी। प्रशासन की पहल के बाद लगभग दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया। एहतियातन जय स्तंभ चौक पर पुलिस बल तैनात रहा।
मंडी सचिव और किसानों की अलग-अलग कार्रवाई
मंडी सचिव ने मंडी परिसर में हुए घटनाक्रम को लेकर किसानों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा है। वहीं दूसरी ओर किसानों ने भी मंडी परिषद के बाहर चक्का जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया।
दोनों पक्ष आमने-सामने
बताया जा रहा है कि यश ट्रेडिंग फर्म के संचालक मनोज सरदाना रोजाना की तरह नीलामी में शामिल होने मंडी पहुंचे थे। इसी दौरान बोली को लेकर विवाद भड़का। फिलहाल मंडी व्यापारियों की बैठक स्थानीय हितकारी धर्मशाला में जारी है, जहां आगे की रणनीति पर विचार किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



