कलेक्टर सुश्री बाफना ने किया खराब हुई सायोबीन फसलों का निरीक्षण

शाजापुर/आदित्य शर्मा। जिले में खराब हुई सोयाबीन फसलों का खेतो में जाकर कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने निरीक्षण किया। कलेक्टर ने किसानों को आश्वस्त किया कि किसान भाई घबराए नहीं, जिला प्रशासन द्वारा सर्वे कार्य करवाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने किसान भाइयों से अनुरोध भी किया कि वह अभी सोयाबीन की फसलो को नहीं काटे, सर्वे कार्य होने के उपरांत ही अपनी फसलों को काटे। कलेक्टर ने किसानो से कहा कि वे अपनी फसल नुकसान की सूचना बीमा कम्पनी को बीमित कृषक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत कृषि रक्षक हेल्पलाइन नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

कलेक्टर सुश्री बाफना ने समस्त राजस्व, कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह तत्काल खेतों में जाकर फसलों का सर्वे कार्य प्रारम्भ करें। उन्होंने सख्त निर्देश दिए की सर्वे कार्य में किसी प्रकार भी प्रकार की लापरवाही एवं गड़बड़ी नहीं करें, यदि कोई पटवारी व राजस्व अधिकारी सर्वे कार्य में लापरवाही करता है तो संबंधित के विरुद्ध करवाई की जाएगी। साथ ही कलेक्टर ने सोयाबीन फसल कटाई प्रयोग के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर सुश्री बाफना ने ग्राम टुंगनी में कृषक मोतीलाल के खेत पर थ्रेशर मशीन से निकाली जा रही सोयाबीन फसल का निरीक्षण भी किया एवं फसल उत्पादन की जानकारी ली। इस पर कृषक मोतीलाल ने बताया कि सोयाबीन फसल से सिर्फ लागत राशि ही निकल पा रही है। इस पर कलेक्टर ने कृषक की फसल के सर्वे कराने के निर्देश राजस्व अधिकारी को दिये।

कलेक्टर सुश्री बाफना ने ग्राम तिंगजपुर, मदाना, गोदना, अय्यापुर, मोहमदखेडा, शुजालपुर, जेठड़ा, जामनेर, चाकरोद, सादनखेड़ी, मनसाया, बेहरावल एवं टुंगनी में किसानो के खेतों में जाकर सायोबीन फसलों का निरीक्षण कर किसानो से चर्चा की। इस दौरान किसानों ने बताया कि बारिश कम होने, पीला मोजेक एवं कीट प्रकोप के कारण उनकी फसलों को काफी नुकसान हुआ है तथा फसलों की लागत भी नहीं निकल पा रही है।

राजस्व अधिकारी- कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध:-
कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने वर्तमान में खरीफ फसल सोयाबीन में अल्पवर्षा, अतिवर्षा एवं पीला मोजेक आदि कारणों से नुकसानी के संबंध में सर्वे कार्य प्रचलित होने के कारण जिले के समस्त राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारियों के अवकाश एवं मुख्यालय छोड़ने पर प्रतिबंध लगाया है।



